एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 13 ट्रेक्टर और 1 हाईवा पकड़ा

दस्तावेज नहीं मिलने पर सभी वाहन थानों में सुपुर्द, अलग-अलग स्थानों पर दबिश से मचा हड़कंप
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 13 ट्रैक्टर और 1 हाइवा वाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलटिकरी में पत्थर के अवैध उत्खनन करते हुए 6 ट्रैक्टरों को मौके पर ही पकड़कर जब्त किया गया। सभी वाहनों को बिलाईगढ़ थाना के सुपुर्द किया गया है।

वहीं, सरसीवां क्षेत्र के पास पेंड्रावन में रेत के अवैध परिवहन में लगे 6 ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। जांच के दौरान किसी भी वाहन चालक के पास पीएम आवास निर्माण से संबंधित या अन्य वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।

इसके अलावा भटगांव क्षेत्र में भी रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 1 हाइवा और 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इन वाहनों के पास भी कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। सभी जब्त वाहनों को भटगांव थाना में अभिरक्षा में रखा गया है।
एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




