मौहाढ़ोहा में आग का तांडव: हाईटेंशन शॉर्ट सर्किट से 14 एकड़ मे ख़डी गेहूँ की फसल जलकर खाक, किसानों की मेहनत स्वाहा, पढ़े पूरी खबर,,,,

दोपहर में भड़की आग, किसानों को लाखों का नुकसान मुआवजे की मांग
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। ग्राम पंचायत मौहाढ़ोहा में सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाई टेंशन तार में शॉर्ट सर्किट होने से खेतों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं व सरसों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 13 से 14 एकड़ क्षेत्र में खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रभावित किसानों में देवनारायण (5 एकड़), रविशंकर पटेल (3 एकड़), सुनील कुमार पटेल (2 एकड़), टिकेश्वर पटेल (2 एकड़), त्रिवेंद्र पटेल (1 एकड़) एवं दिलीप पटेल (0.50 एकड़) शामिल हैं। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

घटना के दौरान किशोर पटेल के खेत में लगी ट्यूबवेल की चालू लाइन भी आग की चपेट में आ गई, जिससे विद्युत तार व रील पाइप को भी नुकसान पहुंचा है।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। वहीं, सूचना पर सारंगढ़ नगर पालिका की दमकल टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
मौके पर पंचनामा तैयार कर पढ़ा-सुनाकर संबंधितों के हस्ताक्षर कराए गए हैं।




