बारिश बनी बाधा, दशमी को निकली भव्य शोभायात्रा: राममय हुआ सारंगढ़, हजारों से अधिक श्रद्धालु शामिल, पढ़े पूरी खबर,,,,,

महाकाली-नरसिंह की झांकियों संग गूंजा ‘जय श्री राम’, झूमे श्रद्धालु
ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमी आस्था, झांकियों ने खींचा ध्यान
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। रामनवमी के पावन अवसर पर खराब मौसम और बारिश के चलते इस वर्ष नगर में शोभायात्रा निर्धारित दिन पर नहीं निकल सकी। लेकिन आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। जैसे ही मौसम ने राहत दी, दशमी के दिन नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य शोभायात्रा पूरे धूमधाम और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। इस शोभायात्रा में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा शहर राममय हो गया।

शोभायात्रा की शुरुआत पुराना थाना स्थित शिव-हनुमान मंदिर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। जय स्तंभ चौक, आजाद चौक, नगर पालिका मार्ग सहित विभिन्न स्थानों से गुजरती इस यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई, वहीं चौक-चौराहों पर आरती उतारकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।

इस दौरान एक अनोखी तस्वीर भी देखने को मिली, जब भाजपा, कांग्रेस, बसपा, बजरंग दल, भीम आर्मी और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग एक मंच पर एकजुट नजर आए। सभी ने मिलकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। मां महाकाली, भगवान नरसिंह और बाबा महाकाल की भव्य झांकियों के साथ भगवान राम की झांकी श्रद्धालुओं के बीच आस्था का केंद्र बनी रही। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा और श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।

नगर के प्रमुख स्थल नंदा चौक में गोपाल जी मंदिर छोटे मठ के महंत बंशीधर दास मिश्रा ने भगवान राम की महाआरती की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान राम का जीवन सत्य, धर्म और मर्यादा का प्रतीक है। उनके जीवन से समाज को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस कप्तान आंजनैय वैष्णव के निर्देशन में एसडीओपी स्नेहिल साहू, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी कामिल उल हक और यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। उनके प्रयासों से शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
महाआरती के पश्चात वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद अमित तिवारी द्वारा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। वहीं नंदा चौक में बराई महिला समिति द्वारा भी प्रसाद वितरण किया गया। सामाजिक संस्थाओं ने जगह-जगह पेयजल, ठंडा पेय, बिस्कुट और प्रसाद की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।
बारिश के कारण भले ही शोभायात्रा एक दिन आगे बढ़ी, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था ने इस आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पूरे नगर ने एकजुट होकर धर्म, संस्कृति और भाईचारे का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।




