किडनी की सेहत के प्रति जागरूक होना जरूरी: डॉ. मीना पटेल विश्व किडनी दिवस पर दिया स्वास्थ्य का संदेश, नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह,पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। विश्व किडनी दिवस के अवसर पर नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल ने लोगों से किडनी की सेहत के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, बढ़ता ब्लड प्रेशर और डायबिटीज आज किडनी रोग के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ सकता है।
डॉ. पटेल ने बताया कि किडनी हमारे शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को साफ करने, शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने तथा शरीर में पानी और खनिजों का संतुलन बनाए रखने का काम करती है। किडनी के खराब होने पर शरीर में सूजन, अत्यधिक थकान, भूख कम लगना, उल्टी, पेशाब में बदलाव और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार किडनी की बीमारी शुरुआती चरण में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ती रहती है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी हो जाती है। खासकर जिन लोगों को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा या परिवार में किडनी रोग का इतिहास है, उन्हें समय-समय पर किडनी की जांच अवश्य करानी चाहिए।
डॉ. मीना पटेल के अनुसार किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, संतुलित आहार लेना, नमक का सेवन सीमित रखना, धूम्रपान और शराब से दूर रहना, नियमित व्यायाम करना तथा बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयों का सेवन न करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विश्व किडनी दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को किडनी से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने संदेश दिया कि यदि हम अपनी जीवनशैली में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें, तो किडनी की गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।




