छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ की सड़कों पर हादसों को दावत दे रहे ‘अदृश्य’ ब्रेकर, विकास कोसले ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन,पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,,

गढ़ चौक, कॉलेज मोड़ और कलेक्ट्रेट के सामने लगे 6 गति अवरोधकों पर चेतावनी बोर्ड नहीं; रिफ्लेक्टरयुक्त सिग्नल बोर्ड लगाने की मांग

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़,  शहर की व्यस्त सड़कों पर बने गति अवरोधक अब लोगों की सुरक्षा के बजाय दुर्घटनाओं का कारण बनते नजर आ रहे हैं। खासकर ऐसे स्थान, जहां वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, वहां बिना चेतावनी संकेतक के बने ब्रेकर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गए हैं। इसी गंभीर समस्या को लेकर सारंगढ़ ब्लॉक के क्षेत्र समस्या निवारण अध्यक्ष विकास कोसले ने बुधवार को माननीय कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया है कि कलेक्ट्रेट के सामने, गढ़ चौक बिलासपुर मुख्य मार्ग और कॉलेज मोड़ जैसे संवेदनशील एवं व्यस्त इलाकों में कुल 6 गति अवरोधक बनाए गए हैं, लेकिन इनके पास कहीं भी गति अवरोधक सूचक बोर्ड या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते विशेषकर रात के समय, तेज रोशनी या वाहन की गति अधिक होने पर चालक इन ब्रेकर्स को समय रहते देख नहीं पाते और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

विकास कोसले ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया कि इन स्थानों पर कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने 17 मार्च को गढ़ चौक पर ट्रैक्टर और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समय रहते संकेतक बोर्ड लगाए गए होते, तो संभवतः ऐसी दुर्घटना टाली जा सकती थी। उनका कहना है कि शहर में यातायात सुरक्षा को लेकर यह लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन सभी 6 गति अवरोधक स्थलों पर तत्काल रिफ्लेक्टरयुक्त सिग्नल बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से चेतावनी मिल सके और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय संयुक्त महामंत्री विक्रम जोल्हे, संयुक्त सचिव विष्णु रात्रे सहित अन्य कांग्रेसजन भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से अपील की कि शहरवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़