जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में जल्द शुरू होगी सोनोग्राफी व सिजेरियन सुविधा, पढ़े पूरी खबर,,,,,

स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना से विशेषज्ञ सेवाओं का दायरा बढ़ा, महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत
सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन में राज्यभर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में शासन द्वारा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर की नवीन पदस्थापना की गई है।
इसके साथ ही नेत्र रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ की नियुक्ति भी की गई है, जिससे जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के सतत प्रयासों से हुई इस पदस्थापना के बाद अब क्षेत्र की महिलाओं को स्त्री रोग एवं प्रसव संबंधी परामर्श के लिए अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ओपीडी व आपातकालीन सेवाएं
जिला चिकित्सालय में नियमित ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक एवं शाम 5 बजे से 7 बजे तक संचालित होगी। वहीं प्रसव एवं अन्य आपातकालीन स्थितियों के लिए विशेषज्ञ सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। शासन की योजनाओं के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के लिए समस्त जांच, दवाइयां एवं सोनोग्राफी की सुविधा पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।
सुरक्षित प्रसव प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना और प्रत्येक महिला को गरिमामय उपचार उपलब्ध कराना है। विशेषकर ग्रामीण अंचलों से आने वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच एवं हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी का प्रबंधन अब जिला स्तर पर ही संभव हो सकेगा।
जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति शासन की प्राथमिकताओं में रही है। हमारा उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। आगामी समय में जिला चिकित्सालय में सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
जिला चिकित्सालय में बढ़ी विशेषज्ञ सेवाओं से अब सारंगढ़ जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी




