जेएनयू के 9वें दीक्षांत समारोह में डॉ. रश्मि मौर्य को पीएचडी की उपाधि, पढ़े पूरी खबर,,,,

सारंगढ़ नई दिल्लीजवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) का 9वां दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) परिसर, नई दिल्ली में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए 460 से अधिक शोधार्थियों को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेएनयू के चांसलर श्री कंवल सिब्बल ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शांतिश्री धुलीपुड़ी पंडित, वरिष्ठ प्राध्यापक, शिक्षाविद् एवं अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अफ्रीकी अध्ययन केंद्र से पूरी की पीएचडी
इसी समारोह में डॉ. रश्मि मौर्य को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने जेएनयू के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़ अंतर्गत अफ्रीकी अध्ययन केंद्र से अपना शोध कार्य पूर्ण किया है। उल्लेखनीय है कि डॉ. रश्मि मौर्य ने वर्ष 2018 में भी जेएनयू से एम.फिल की उपाधि प्राप्त की थी।
गुरुओं और परिवार को दिया श्रेय
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के बाद डॉ. रश्मि मौर्य ने अपनी इस शैक्षणिक उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुओं, परिवारजनों और मित्रों को देते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद के बिना यह सफलता संभव नहीं हो पाती।
शिक्षण एवं शोध में सक्रिय योगदान
वर्तमान में डॉ. रश्मि मौर्य शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ हैं और शिक्षण के साथ-साथ शोध कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे श्री ध्रुव मौर्य की धर्मपत्नी हैं तथा बिलासपुर निवासी श्री शिव मूरत मौर्य की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है।




