जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

बम्हनीपाली स्कूल की शिक्षा गुणवत्ता से हुए प्रभावित, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शासकीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बुधवार को बरमकेला विकासखंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बम्हनीपाली एवं सिंघापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया, उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सबसे पहले शासकीय प्राथमिक विद्यालय बम्हनीपाली पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान, समझ और सीखने की क्षमता को परखा। बच्चों द्वारा दिए गए सटीक एवं आत्मविश्वासपूर्ण उत्तरों से वे काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
श्री पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के प्रधान पाठक अनुराज वर्मा एवं शिक्षिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन में शिक्षकों की मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय की सफलता उसके नेतृत्व, कार्यशैली और सकारात्मक सोच पर निर्भर करती है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के विविध क्षेत्रों में दक्ष बनाने का प्रयास सराहनीय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधान पाठक अनुराज वर्मा के नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता और बच्चों के प्रति समर्पित दृष्टिकोण से विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण निर्मित हुआ है, जो क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
श्री पाण्डेय ने सभी शिक्षकों से शासकीय विद्यालयों को जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अध्यापन कार्य को रोचक और व्यवहारिक बनाया जाए, ताकि बच्चों में सीखने की रुचि बढ़े। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षित भविष्य और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए शिक्षकों को पूरी तन्मयता, समयबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्र तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शैक्षणिक स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष के इस दौरे को शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




