झुमरपाली-भटगांव में भव्य 118 वीं बड़े रामनामी भजन मेला की तैयारी शुरू, भूमिपूजन व शिलान्यास संपन्न, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला मुख्यालय से लगभग 25 से 30 किलोमीटर दूर बिलाईगढ़ क्षेत्र के झुमरपाली-भटगांव में आगामी रामनामी बड़े भजन मेला के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ रामनामी राम-राम भजन संस्था के तत्वाधान में प्रस्तावित स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न किया गया।

पुष्पवाटिका और खेल मैदान के बीच स्थित चयनित भूमि पर रामनामी समुदाय की गुरुमाता सेतबाई एवं उनके सहयोगियों द्वारा विधि-विधान के साथ नींव रखी गई। इस दौरान भजन-कीर्तन और कलश शोभायात्रा के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

बताया गया कि पूर्व में नंदेली जैजैपुर में आयोजित राम-राम भजन मेला के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए झुमरपाली-भटगांव को आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया था। उसी कड़ी में अब विधिवत भूमिपूजन कर आयोजन की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आगामी भजन मेला को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।




