छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब का कमाल, 12,106 मरीजों की 51,809 जांचें नि:शुल्क जांच,,पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

जिला चिकित्सालय में 134 प्रकार की उच्च स्तरीय जांच सुविधाएं उपलब्ध, जल्द शुरू होगी नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार जारी है। इसी कड़ी में सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब आम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। लैब के प्रारंभ होने के महज तीन माह के भीतर ही 12,106 मरीजों की 51,809 विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांचें नि:शुल्क की जा चुकी हैं।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व तथा आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के पर्यवेक्षण में अटल आरोग्य लैब में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लैब में पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू सहित मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्टों की टीम लगातार सेवाएं दे रही है।

134 प्रकार की जांच सुविधाएं नि:शुल्क

अटल आरोग्य लैब में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से वर्तमान में 134 प्रकार की उच्च स्तरीय पैथोलॉजी जांच नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका सीधा लाभ जिला चिकित्सालय में उपचार और परामर्श के लिए पहुंचने वाले मरीजों को मिल रहा है। पहले जहां कई मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करना पड़ता था, वहीं अब जिला अस्पताल में ही अनेक आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से उनका समय और उपचार पर होने वाला खर्च दोनों बच रहे हैं।

तीन माह के भीतर 12 हजार से अधिक मरीजों की 51 हजार से अधिक जांचें नि:शुल्क होना इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं।

निजी लैब में खर्च करने के बजाय सरकारी सुविधा का लाभ लें : डॉ. दीपक जायसवाल

जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक जांच के लिए निजी लैब में अनावश्यक रूप से बड़ी राशि खर्च करने के बजाय जिला चिकित्सालय में उपलब्ध अटल आरोग्य लैब की नि:शुल्क सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल में जांच सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को उपचार के लिए आवश्यक रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है।

जल्द शुरू होगी नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच

जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. जायसवाल के अनुसार, बहुत जल्द अटल आरोग्य लैब में नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा शुरू की जाएगी।

माइक्रोबायोलॉजी जांच सुविधा शुरू होने के बाद गंभीर संक्रमण तथा विभिन्न जटिल बीमारियों की पहचान के लिए आवश्यक जांच जिला चिकित्सालय में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को जांच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और उपचार प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।

गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत

अटल आरोग्य लैब का सबसे बड़ा लाभ आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को मिल रहा है। पैथोलॉजी जांच में होने वाला खर्च कई बार गरीब परिवारों के लिए उपचार की बड़ी बाधा बन जाता है। ऐसे में जिला अस्पताल में उच्च स्तरीय जांच नि:शुल्क उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक राहत मिल रही है।

अटल आरोग्य लैब में लगातार बढ़ रही जांचों की संख्या यह दर्शाती है कि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। आने वाले समय में माइक्रोबायोलॉजी सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार से सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़