Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

551 दीपक जलाकर शिक्षक डॉ. भरत पटेल ने विद्यालय में मनाई अनोखी दीपावली, 11 वर्षों से निभा रहे परंपरा,पढ़े पूरी खबर,,,,,,

घर से 70 किलोमीटर दूर विद्यालय को ही मान लिया अपना घर, वर्ष 2016 में 151 दीपों से शुरू किया था दीपोत्सव का सिलसिला

विशालपुर सारंगढ़ नई दुनिया दिलीप टंडन 🖊️🖊️🖊️🖊️

सारंगढ़। शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज का मार्गदर्शक, बच्चों के भविष्य का निर्माता और प्रेरणा का स्रोत भी होता है। इसी आदर्श को सार्थक कर रहे हैं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फर्सवानी में पदस्थ नवाचारी व्याख्याता डॉ. भरत लाल पटेल। उन्होंने दीपावली के अवसर पर विद्यालय परिसर में 551 दीपक प्रज्वलित कर रोशनी से जगमगा दिया और अनूठे अंदाज में प्रकाश पर्व मनाकर समर्पण की मिसाल पेश की।

आमतौर पर दीपावली का पर्व मनाने के लिए शासकीय कर्मचारी अपने परिवार के साथ घर पहुंचते हैं, लेकिन डॉ. भरत लाल पटेल पिछले 11 वर्षों से दीपावली पर अपने मूल निवास जाने के बजाय विद्यालय को ही अपना घर मानकर परिवार के साथ दीपोत्सव मनाते आ रहे हैं। उनका मूल निवास विद्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद वे हर वर्ष अपने निजी खर्च से विद्यालय परिसर को सजाते-संवारते हैं और पूरे उत्साह के साथ दीप जलाकर खुशियां बांटते हैं।

इस अनूठी परंपरा की शुरुआत वर्ष 2016 में महज 151 दीपकों से हुई थी। धीरे-धीरे दीपकों की संख्या बढ़ती गई और वर्ष 2026 में यह आंकड़ा 551 तक पहुंच गया। हर वर्ष दीपकों की संख्या में वृद्धि उनके विद्यालय के प्रति समर्पण, आत्मीयता और शिक्षा के मंदिर को परिवार की तरह संवारने की भावना को दर्शाती है।

दीपोत्सव से पहले डॉ. पटेल ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्वयं पीठ पर टंकी लादकर 22 टंकी खरपतवार नाशक दवा का छिड़काव किया, ताकि विद्यालय परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहे। उनका यह प्रयास बताता है कि वे विद्यालय को केवल नौकरी का स्थान नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी और आत्मीयता का केंद्र मानते हैं।

डॉ. भरत लाल पटेल की यह पहल विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ी सीख है। दीपावली पर 551 दीप जलाना केवल रोशनी का आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा, समर्पण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश है। ऐसे शिक्षक अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देते हैं। निश्चित रूप से उनका यह प्रयास अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़