Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

नदी में तैरती मिली दो सगी बहनों के शव गांव में परसा मातम, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत जशपुर कछार गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां नदी में डूबने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जशपुर कछार निवासी संतोष माली के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा हैं। इनमें सबसे बड़ी बेटी करीना माली (8 वर्ष) और दूसरी बेटी चांदनी माली (6 वर्ष) गुरुवार सुबह अपने-अपने परिजनों के साथ बाड़ी-बगीचा गई थीं। बड़ी बेटी करीना अपने दादा के साथ पहले पहुंची, जबकि चांदनी अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से सराडीह की ओर घूमते हुए बाड़ी पहुंची।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे दोनों बच्चियों ने अपने पिता से बाथरूम जाने की बात कही और पास ही करीब 200 मीटर दूर स्थित झीलनुमा नदी की ओर चली गईं। वहां पहुंचकर बड़ी बहन करीना ने कपड़े उतारकर नहाना शुरू किया, लेकिन नहाते-नहाते वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बहन को डूबता देख छोटी बहन चांदनी उसे बचाने के लिए खुद भी पानी में कूद गई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी बाहर नहीं निकल सकी और दोनों बहनें डूब गईं।

इधर, काफी देर तक जब बच्चियां वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे कपड़े पड़े मिले, जिससे आशंका हुई कि दोनों पानी में डूब गई हैं। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। शाम के समय छोटी बच्ची चांदनी का शव पानी में तैरता मिला, जबकि देर रात बड़ी बहन करीना का शव भी बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सारंगढ़ जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है और परिजनों को ढांढस बंधाने लोगों का तांता लगा हुआ है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़