शिक्षा के नए सूर्योदय की ओर सारंगढ़-बिलाईगढ़, डायट कॉलेज युवाओं के स्वर्णिम भविष्य का आधार : संजय भूषण पांडे, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ | नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा जिले में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट कॉलेज) की स्थापना की घोषणा किए जाने से शिक्षा जगत और युवाओं में उत्साह है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूरा होने पर प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्री के प्रति आभार जताया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पाण्डेय ने कहा कि डायट कॉलेज की स्थापना महज एक संस्थान खोलने की घोषणा नहीं, बल्कि जिले के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में जिले को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि अब जिले के युवाओं को डीएड, बीएड सहित शिक्षक प्रशिक्षण से जुड़े उच्च स्तरीय पाठ्यक्रमों और संसाधनों के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर आने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की सुविधा मिलने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ सहित जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवा हैं। डायट कॉलेज की स्थापना से ऐसे युवाओं को अपने ही जिले में शिक्षा और प्रशिक्षण का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को समय और संसाधनों की बचत के साथ गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।
पाण्डेय ने कहा कि डायट कॉलेज केवल शिक्षक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता से स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा और इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी जिले के विकास की मजबूत नींव होती है और डायट कॉलेज इस नींव को और मजबूत करने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विकास पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। डायट कॉलेज की घोषणा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सारंगढ़-बिलाईगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाएगा और जिले के युवाओं के लिए बेहतर अवसरों का केंद्र बनेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिलेवासियों और विशेषकर युवाओं की ओर से शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि डायट कॉलेज की सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी साबित होगी। यह संस्थान युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ जिले के शैक्षणिक विकास का आधार स्तंभ बनेगा।




