उड़ीसा से यूपी जा रहा 103 किलो गांजा पकड़ा, आठ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 89.75 लाख रुपये का माल जब्त, बेलादुला में 39.76 और भटगांव में 63.35 किलो गांजा बरामद
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ | जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने 30 सितंबर को गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने उड़ीसा से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही करीब 103.11 किलो गांजा की खेप पकड़ी। दोनों मामलों में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है। पुलिस ने गांजा, दो कार, आयशर वाहन, लोहे की चद्दर और मोबाइल फोन सहित करीब 89.75 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

अलमारी में छिपाकर ले जा रहे थे 39.76 किलो गांजा
पहली कार्रवाई चौकी बेलादुला, थाना सरसीवा क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नारंगी-लाल रंग के आयशर वाहन क्रमांक एमएच 04 एनबी 2816 से उड़ीसा से गांजा लाकर भंवरपुर और बेलादुला मार्ग से बिलासपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर बेलादुला पुलिस चौकी और एएनटीएफ की टीम ने तेंदूदरहा के पास सड़क पर घेराबंदी की।
वाहन को रोककर तलाशी लेने पर पीछे रखी लोहे की अलमारी के अंदर भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेट गांजा मिले। इनका कुल वजन 39.76 किलोग्राम और कीमत करीब 19.50 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बलांगीर, उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात बताई।
मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के भरथरी निवासी अनुज कुमार गौतम (31) और टिंकू वर्मा (25) को गिरफ्तार किया है।
आयशर वाहन और लोहे की चद्दर भी जब्त
इस मामले में पुलिस ने 39.76 किलो गांजा के अलावा छह चक्का आयशर वाहन कीमती करीब 20 लाख रुपये, करीब 10 टन लोहे की चद्दर कीमती 5.50 लाख रुपये तथा दो ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 45.20 लाख रुपये बताई गई है।

भटगांव में पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश
दूसरी कार्रवाई थाना भटगांव क्षेत्र में हुई। पुलिस द्वारा एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से भटगांव आ रही सफेद रंग की ऑल्टो कार क्रमांक यूपी 95 डब्ल्यू 5149 को रोकने का प्रयास किया गया। कार में सवार लोगों ने वाहन को आगे साइड में लगाने की बात कहकर भागने की कोशिश की।
इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद फ्रोंक्स कार क्रमांक यूपी 32 ए 4445 ने तेज रफ्तार में स्टॉपर को टक्कर मार दी और बिर्रा-जांजगीर की ओर भागने लगी। भटगांव पुलिस ने जांजगीर पुलिस से समन्वय किया। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर फ्रोंक्स कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से चार प्लास्टिक बोरियों में कुल 63.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार ऑल्टो कार में सवार लोग पायलटिंग कर रहे थे।
पांच आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश

इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव और सागर सिंह तथा हमीरपुर जिले के मेहताब अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के फरार होने की भी जानकारी दी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63.350 किलो गांजा, करीब 11 लाख रुपये कीमत की फ्रोंक्स कार, करीब दो लाख रुपये कीमत की ऑल्टो कार और सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में जब्त सामान की कुल कीमत करीब 44.55 लाख रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से जिले के रास्ते उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक गांजा पहुंचाने वाले अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई की बात सामने आई है।




