मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने ध्वजारोहण कर,दी सलामी, हजारों लोगों की मौजूदगी में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां,, पढ़े पूरी खबर,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर खेलभाठा मैदान में शुक्रवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय धुन और शानदार परेड के साथ समारोह की शुरुआत हुई। परेड दल ने मुख्य अतिथि को सलामी दी, जिसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।

ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियों का इजहार किया गया। परेड कमांडरों ने मुख्य अतिथि से परिचय प्राप्त किया तथा उनके साथ सामूहिक छायाचित्र भी लिया गया।

शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अतिथियों ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी और उसकी रक्षा में वीर जवानों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

स्कूली बच्चों ने बांधा समां




समारोह का सबसे आकर्षक और मनमोहक हिस्सा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। सारंगढ़ के मोना मॉडर्न स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल, गर्ल्स स्कूल, संत थॉमस मिशन स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा खेलभाठा मैदान तालियों से गूंजता रहा।



सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मूल्यांकन के बाद मोना मॉडर्न स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदर्श ज्योति विद्यालय छिंद ने द्वितीय तथा गवर्नमेंट हायर सेकंडरी स्कूल हरदी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों में पुरस्कार मिलने पर खासा उत्साह नजर आया।
हजारों लोगों ने देखी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखने के लिए खेलभाठा मैदान में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नागरिक पहुंचे। बुजुर्गों से लेकर बच्चों, महिलाओं और युवाओं तक सभी वर्ग के लोग देशभक्ति के इस आयोजन के साक्षी बने। तिरंगे झंडों और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।


समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, विधायक उत्तरी जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने सारंगढ़ में एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान तिरंगे की शान और देशभक्ति का जज्बा लोगों के बीच दिखाई दिया।




