छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

शिक्षा में नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के लिए शिक्षक निराकार चौहान सम्मानित, पढ़े पूरी खबर,,,,,

रेंगालपाली की प्राथमिक शाला में शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए कर रहे अभिनव प्रयास, स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह में मिला सम्मान

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़ पुसौर विकासखंड के स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय रेंगालपाली में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षक निराकार चौहान को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। रायगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शिक्षक निराकार चौहान को सम्मान प्रदान किया।

शिक्षक निराकार चौहान लंबे समय से विद्यालय में बच्चों की शिक्षा को रुचिकर, सरल और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों के माध्यम से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ गतिविधि आधारित शिक्षा को जोड़कर विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करने पर विशेष जोर दिया। बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विषयों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर

शिक्षक चौहान ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया। विद्यार्थियों को पौधरोपण, स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में सहभागी बनाया गया। इससे बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

उनके इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यालय को केवल पढ़ाई का केंद्र न बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास का बेहतर माध्यम बनाना है। शिक्षा में नवाचार के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़कर किए जा रहे कार्यों को जिला स्तर पर सराहना मिली और इसी के चलते उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के हाथों सम्मान प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और क्षेत्र के लोगों ने शिक्षक निराकार चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस सम्मान को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के साथ कार्य कर रहे शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है। शिक्षक चौहान के प्रयासों से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़