सारंगढ़ में पत्रकार पर जानलेवा हमला: बीच-बचाव करना पड़ा भारी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

सारंगढ़। शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना में पत्रकार रवि तिवारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना शनिवार देर रात आदर्श पेट्रोल पंप के पास की है, जहां कुछ असामाजिक तत्व एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्रकार रवि तिवारी एवं उनके साथी किशन गुप्ता ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर हमलावरों ने ट्रक चालक को छोड़ पत्रकार और उनके साथी पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी सोनू यादव, हनी चिट्ठा तथा उनके अन्य साथियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अपने अन्य साथियों को हथियारों के साथ मौके पर बुला लिया। इसके बाद पत्रकार रवि तिवारी एवं किशन गुप्ता पर चाकू, लकड़ी के बत्ते और बेल्ट से हमला किया गया। हमले में रवि तिवारी की आंख पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई और पांच टांके लगाने पड़े। वहीं किशन गुप्ता सहित दोनों के हाथ-पैर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
पीड़ित पत्रकार रवि तिवारी का आरोप है कि हमलावर आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं और अक्सर हथियार लेकर चलते हैं। घटना के दौरान हमलावर लगातार अश्लील गालियां देते रहे तथा विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल पत्रकार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। प्रेस क्लब की आपात बैठक बुलाकर घटना की कड़ी निंदा की गई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद पत्रकारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है तथा उन्होंने दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




