सारंगढ़ जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी छलांग, एक माह में 2,632 मरीजों को मिला अटल आरोग्य लैब का लाभ,

अत्याधुनिक मशीनों से ट्रॉप-टी, डी-डाइमर समेत 134 प्रकार की जांचें अब पूरी तरह निःशुल्क
सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में शुरू की गई ‘अटल आरोग्य लैब’ आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की पहल और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के विशेष प्रयासों से शुरू हुई इस अत्याधुनिक लैब ने मात्र एक माह में ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
एक महीने में 11,487 जांचें, 2,632 मरीजों को मिला लाभ
जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब में शुरूआत के केवल एक महीने के भीतर 2,632 मरीजों की कुल 11,487 विभिन्न प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गई हैं। विशेषज्ञ पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू की देखरेख में संचालित लैब में आधुनिक मशीनों के माध्यम से कम समय में सटीक और भरोसेमंद रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मरीजों को निजी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा।
अब बड़े शहरों जैसी जांच सुविधाएं सारंगढ़ में ही
अटल आरोग्य लैब शुरू होने से जिले के लोगों को महंगे और जटिल टेस्ट के लिए रायगढ़, बिलासपुर या रायपुर जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है। लैब में वर्तमान में 134 प्रकार की ब्लड एवं यूरिन जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं।
इनमें हार्ट अटैक की पुष्टि के लिए ट्रॉप-टी, शरीर में रक्त के थक्कों की जांच के लिए डी-डाइमर, खून के थक्का बनने की क्षमता जानने के लिए पीटी/आईएनआर, शरीर के आवश्यक लवणों की जांच हेतु इलेक्ट्रोलाइट टेस्ट, विटामिन-डी, हार्मोनल प्रोफाइल, लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट तथा कम्प्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जैसी महत्वपूर्ण जांचें अत्याधुनिक मशीनों से की जा रही हैं।
गरीब मरीजों को मिल रही बड़ी राहत
इन सभी जांचों के निजी अस्पतालों में हजारों रुपये खर्च होते हैं, जबकि जिला चिकित्सालय में यह सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिली है तथा समय पर बीमारी की पहचान और उपचार संभव हो पा रहा है।
एक माह पहले हुआ था शुभारंभ
गत 3 जून को विधायक उत्तरी जांगड़े, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू तथा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय की उपस्थिति में जिला चिकित्सालय में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया था। एक महीने के भीतर ही लैब ने हजारों मरीजों को लाभ पहुंचाकर अपनी उपयोगिता साबित कर दी है।
आगे और बढ़ेंगी सुविधाएं
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि कलेक्टर के सहयोग और पूरी मेडिकल टीम की मेहनत से जिले के मरीजों को 24 घंटे बेहतर पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एचपीएलसी टेस्ट (सिकल सेल की पुष्टि के लिए) तथा एबीजी टेस्ट (खून की पीएच वैल्यू, ऑक्सीजन एवं कार्बन डाइऑक्साइड की जांच) की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध अत्याधुनिक एवं निःशुल्क जांच सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




