
16 जून से स्कूल खुलने की तैयारियों की समीक्षा, शाला प्रवेश उत्सव और गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 प्रारंभ होने में मात्र दो दिन शेष हैं। राज्य शासन द्वारा स्कूलों को 16 जून से संचालित करने के निर्देश जारी किए जाने के बाद संकुल केंद्र मिडमिडा में शनिवार को संकुल अंतर्गत सभी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक संकुल प्रभारी श्रीमती अजीता लकड़ा एवं संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुई।
स्कूलों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर जोर
बैठक में संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए सभी विद्यालयों में स्कूल परिसर, किचन शेड तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने के पहले सभी संस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें ताकि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
प्रथम दिवस से मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव
बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 जून को सभी विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें न्योता भोजन भी कराया जाएगा। इसके साथ ही निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों और गणवेशों का वितरण भी प्रारंभ किया जाएगा।
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने ब्लूप्रिंट आधारित अभ्यास
नए सत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए पहले दिन से ही ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन-अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
80 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति का लक्ष्य
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि सत्र की प्रथम तिमाही में विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। इसके लिए शिक्षकों को घर-घर जाकर बच्चों और अभिभावकों से संपर्क करने तथा अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने कहा गया।
अनुशासन और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर निर्देश
विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सुबह तथा अवकाश के बाद नियमित प्रार्थना कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मध्यान्ह भोजन के दौरान विद्यार्थियों को कतारबद्ध बैठाकर भोजन कराने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।
नवीन सत्र के लिए दी शुभकामनाएं
बैठक के अंत में संकुल प्रभारी अजीता लकड़ा एवं संकुल समन्वयक बिजेंद्र चौहान ने सभी संस्था प्रमुखों को नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम देने का आह्वान किया।
बैठक में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक प्रभुदत्त पढ़ी, चंचला बैरागी, हेमंत निर्मलकर, नेहा टंडन एवं रिंकी बिसी, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक विजय लक्ष्मी दुबे एवं शशिकिरण तिग्गा सहित हाई स्कूल मिडमिडा के शिक्षकगण उपस्थित रहे।




