किसान की बेटी ने किया कमाल: गिरिजा प्रधान ने 10वीं में टॉप-10 में पाई पाँचवीं रैंक, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
पुसौर/रायगढ़।
ग्राम बोड़झरिया की होनहार छात्रा गिरिजा प्रधान ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर कक्षा 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.33 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप-10 सूची में पाँचवां स्थान प्राप्त किया है। किसान परिवार से आने वाली गिरिजा की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है।
साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में पली-बढ़ी गिरिजा ने साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उनके पिता तुलाराम प्रधान एक किसान हैं, जिनके संघर्ष और सहयोग ने बेटी के सपनों को उड़ान देने में अहम भूमिका निभाई।
गिरिजा इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने एनएमएमएसई (NMMS) परीक्षा में जिला स्तर पर टॉप कर अपनी मेधा का परिचय दिया था। उनकी यह निरंतर सफलता उनकी कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
छात्रा की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने खुशी जताई है। बीईओ शैलेश देवांगन, एबीईओ मनीष सिन्हा एवं बीआरसीसी शैलेंद्र मिश्रा ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए गिरिजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा संकुल महलोई के सीएसी अनिल पंडा, प्राचार्य विजय कुमार साव, पूर्व सीएसी अर्जुन कुमार पंडा, सीएसी श्रवण साव, सेवानिवृत्त शिक्षक शौकी लाल पंडा, सरपंच माधवी जयराम पंडा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गिरिजा प्रधान की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुसौर विकासखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।




