छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

में बिना सड़क क्षति के पाइपलाइन बिछी: 3 मीटर नीचे 37 मीटर सुरंग से पूरा हुआ काम

आवर्धन योजना के तहत 20 किमी दूर से सीधे मिलेगा पेयजल

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप के मार्गदर्शन में सारंगढ़ आवर्धन योजना के अंतर्गत मुख्य बाजार चौक पर बिना सड़क को क्षति पहुंचाए पाइपलाइन बिछाने का जटिल कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दो लेन मुख्य सड़क को डिस्टर्ब किए बिना उसके लगभग 3 मीटर नीचे से 37 मीटर लंबी सुरंग बनाकर पाइपलाइन डाली गई। यह कार्य महज एक सप्ताह में पूर्ण किया गया, जिससे वर्षों पुरानी सीसी रोड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। विभाग के अनुसार, पहले डेढ़ मीटर नीचे तक खुदाई की गई, इसके बाद लगभग 2.5 मीटर गहराई में सुरंग बनाकर निर्धारित पाइप को होरिजेंटल पुशिंग तकनीक से वेल्डिंग कर स्थापित किया गया।

कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप ने बताया कि पूरी प्रक्रिया श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखकर की गई। इस चुनौतीपूर्ण कार्य को विभागीय ठेकेदार रुद्रा कंस्ट्रक्शन द्वारा अंजाम दिया गया, जिसके लिए कोलकाता और राउरकेला से भी श्रमिक बुलाए गए।

सारंगढ़ आवर्धन योजना के तहत साराडीह बैराज के इंटेक वेल से जल शोधन केंद्र तक पानी लाया जाएगा, जहां फिल्टर प्रक्रिया के बाद टंकियों के माध्यम से शहरवासियों को आपूर्ति की जाएगी। योजना के पूर्ण होने पर शहर को लगभग 20 किलोमीटर दूर महानदी से सीधे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।

शहर में इस तकनीकी उपलब्धि को जल आपूर्ति व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़