सारंगढ़ जिला अस्पताल में 24 घंटे में 5 सुरक्षित प्रसव, बढ़ा भरोसा – जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा, पढ़े पूरी खबर,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर अस्पताल में 5 सुरक्षित सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराए गए, जिसमें सभी जच्चा और नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस उपलब्धि ने आम नागरिकों के बीच सरकारी अस्पताल के प्रति भरोसा और मजबूत किया है।
प्रसव प्रक्रिया को चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया। समय पर चिकित्सकीय निर्णय, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और साफ-सुथरी व्यवस्था के चलते किसी भी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई।
इस सफलता के पीछे कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व को अहम माना जा रहा है। उनके निर्देशन में अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस कार्य में स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. रानु मनहर, डॉ. नरेन्द्र रात्रे, डॉ. दिव्या जोशी सहित उमा पटेल, फरहा रात्रे, किरन, मंजु महेश एवं समस्त स्टाफ नर्सों का विशेष योगदान रहा।
अस्पताल में उपचार कराने आए परिजनों ने बताया कि अब जिला अस्पताल में समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता, संवेदनशील व्यवहार और निशुल्क सुविधाओं के कारण भरोसा बढ़ा है। निजी अस्पतालों की तुलना में यह अधिक सुलभ और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रहा है।
जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिला अस्पताल में जल्द ही सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि गंभीर मामलों में भी गर्भवती महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित उपचार मिल सके।




