गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग, 27 अप्रैल को मनाया जाएगा गौ सम्मान दिवस

सारंगढ़ से उठी आवाज: गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने अभियान तेज
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। आगामी 27 अप्रैल को “गौ सम्मान दिवस” मनाने की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार शाम स्थानीय साक्षी गोपाल मंदिर, खाड़ा बंद मुड़ा तालाब में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजकों ने बताया कि प्रदेश सहित देशभर में तहसील और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में गौ सेवकों ने बताया कि 27 अप्रैल को सभी गौ-प्रेमी अपने-अपने क्षेत्र के तहसील, ब्लॉक और अनुमंडल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद 27 जुलाई को कलेक्ट्रेट स्तर और 27 अक्टूबर को राज्य सचिव के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र भेजा जाएगा।

आयोजकों ने कहा कि देशभर में गौ हत्या पूरी तरह बंद हो, इसके लिए केंद्रीय कानून बनाया जाना आवश्यक है। साथ ही “गौ सेवा मंत्रालय” के गठन की मांग भी उठाई गई, ताकि गौ सेवा को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित और प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके। उन्होंने गौ माता को “राष्ट्रमाता, राष्ट्र देव, राष्ट्रीय धरोहर” जैसे सम्मानित दर्जे देने की मांग दोहराई।
बैठक में मौजूद पत्रकारों का भगवा पट्टिका पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गौ सेवक और स्थानीय पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अभियान से जुड़ने के लिए आयोजकों ने 9067777323 नंबर पर मिस कॉल देने की अपील की है।




