छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सलोनी से निकली ‘पिछड़ा वर्ग अधिकार एवं सामाजिक न्याय यात्रा’, चार पंचायतों में सौंपे गए ज्ञापन, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर/ नईदुनिया, दिलीप टंडन

सारंगढ़। भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ की जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ के तत्वावधान में पिछड़ा वर्ग के अधिकारों और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर ‘पिछड़ा वर्ग अधिकार एवं सामाजिक न्याय यात्रा’ का प्रथम चरण निकाला गया। यात्रा का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष अमित जायसवाल ने किया।

यह यात्रा ग्राम पंचायत सलोनी से शुरू होकर गाताडीह, लेंध्रा और चांटीपाली पंचायतों तक पहुंची। इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने संबंधित पंचायतों के सरपंचों को ज्ञापन सौंपते हुए पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को उठाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष खिलन प्रसाद साहू और प्रदेश महासचिव तुलेश दास महंत उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज की जनसंख्या के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। इसके लिए समाज को संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

यात्रा के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने और सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने के उद्देश्य से निकाला जा रहा है। सरपंचों को सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्य व केंद्र सरकार, पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्यपाल, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को भी भेजी जाएगी, ताकि यह मुद्दा संसद और विधानसभा तक पहुंचे।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से ओबीसी की जातिवार जनगणना, छत्तीसगढ़ में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, पंचायत और नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण बहाल करने, कॉलेजों में सरकारी हॉस्टल की व्यवस्था, उच्च शिक्षण संस्थानों में ओबीसी सीट आरक्षण, न्यायालयों में ओबीसी जजों की नियुक्ति, विधानसभा-लोकसभा में प्रतिनिधित्व, प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण और बैकलॉग भर्तियों को पूरा करने जैसी मांगें शामिल हैं।

भीम आर्मी पदाधिकारियों ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों का पूर्ण क्रियान्वयन और पिछड़ा वर्ग को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी और पिछड़ा वर्ग समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़