खाकी में नारी शक्ति : सारंगढ़-बिलाईगढ़ की महिला पुलिस बनी सुरक्षा और सेवा की मिसाल, पढ़े पूरी खबर

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जब देशभर में नारी शक्ति के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जा रहा है, तब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की महिला पुलिस अधिकारी अपने साहस, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा से समाज के लिए प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई हैं। खाकी वर्दी में सशक्त ये अधिकारी न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत बना रही हैं, बल्कि आमजन के बीच सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी स्थापित कर रही हैं।

जिले में पदस्थ महिला पुलिस अधिकारी दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए यह साबित कर रही हैं कि जिम्मेदारी और समर्पण के साथ हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। संवेदनशील परिस्थितियों से लेकर त्योहारों और भीड़भाड़ वाले अवसरों तक वे पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहती हैं। परिवार और समाज दोनों की जिम्मेदारियों का संतुलन साधते हुए ये अधिकारी सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में कई महिला अधिकारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही है। एडिशनल एसपी निमिषा पांडे अपने प्रशासनिक कौशल और रणनीतिक नेतृत्व के लिए जानी जाती हैं। वहीं एसडीओपी स्नेहिल साहू और संतोषी ग्रेस भी क्षेत्र में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसी तरह थाना प्रभारी सुनीता बंजारे, वीणा यादव, दया जयस्वानी और सुनीता अजग्गले ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्यशैली से अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।
महिला पुलिस अधिकारियों की सक्रियता का ही परिणाम है कि जिले में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। चोरी, जुआ और सट्टा जैसे अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांजा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं तथा युवाओं को सही दिशा देने के लिए संवाद और मार्गदर्शन की पहल की जा रही है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की ये महिला अधिकारी नारी सशक्तिकरण की सशक्त प्रतीक बनकर उभरी हैं। अपने साहस, अनुशासन और सेवा भावना से उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों तो कोई भी जिम्मेदारी कठिन नहीं होती।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले की इन समर्पित महिला पुलिस अधिकारियों को समाज की ओर से सम्मान और शुभकामनाएं दी जा रही हैं, जिन्होंने खाकी वर्दी में सेवा, सुरक्षा और समर्पण की नई मिसाल कायम की है।




