छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

युवा महोत्सव में विश्व विजय सिंह तोमर का आह्वान: युवा बनें विकसित भारत की नींव,

नवरंगपुर में उमड़ा युवाओं का उत्साह, संजय भूषण पाण्डेय व ज्योति पटेल ने दिया मार्गदर्शन

सारंगढ़ | नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम नवरंगपुर में आयोजित युवा महोत्सव युवाओं के जोश, ऊर्जा और संकल्प का सजीव उदाहरण बन गया। सारंगढ़ विकास परिषद के संयोजक श्री जितेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्योति लाल पटेल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

युवा ही राष्ट्र की दिशा तय करते हैं – विश्व विजय सिंह तोमर

अपने ओजस्वी संबोधन में श्री तोमर ने कहा कि
“युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। अनुशासित, शिक्षित और संस्कारित युवा ही देश को प्रगति के शिखर तक ले जा सकते हैं। आज का युवा तकनीक, नवाचार और राष्ट्रसेवा के माध्यम से विकसित भारत के सपने को साकार कर सकता है।”
उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्व को अपनाने का आह्वान किया।

युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति – संजय भूषण पाण्डेय

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि
“आज का जागरूक युवा ही कल के मजबूत भारत की नींव रखेगा। शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाएँ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं।”
उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

प्रतिभा को निखारने का मंच है युवा महोत्सव – ज्योति पटेल

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि
“युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचान और मंच प्रदान करते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।”
उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक वक्तव्यों और संवाद सत्रों के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता अजय गोपाल ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, हरिहर जायसवाल, संतोषी अरविन्द खटकर सहित सैकड़ों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवा महोत्सव ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रनिर्माण के प्रति दृढ़ संकल्प का संचार किया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़