छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास व प्रतीकात्मक विरोध, पढ़े पूरी खबर,,,,,

बिलाईगढ़। एआईसीसी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के दिशा-निर्देशन में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़–बिलाईगढ़ द्वारा एक दिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में, जिलाप्रभारी आलोक चंद्राकर तथा मनरेगा बचाओ संग्राम के जिला समन्वयक विकास शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय बिलाईगढ़ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘जय जवान–जय किसान’ का नारा देने वाले द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया गया।

कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत केंद्र सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें काम की गारंटी, मज़दूरी की गारंटी, जवाबदेही की गारंटी, मनरेगा में किए गए बदलावों की तत्काल वापसी, योजना के तहत काम के संवैधानिक अधिकार की पूर्ण बहाली तथा न्यूनतम मज़दूरी 400 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किए जाने की मांग प्रमुख रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण गरीब, मजदूर और किसान वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने आंदोलन को सांकेतिक बताते हुए कहा कि उपवास के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। वहीं पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय के धाराप्रवाह और तार्किक संबोधन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। सारंगढ़ से जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने कहा कि यह आंदोलन क्रमबद्ध रूप से लंबे समय तक चलेगा और मनरेगा श्रमिकों, ग्रामीणों व आम जनता को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भगवत साहू, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष दिलीप अनंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़