ग्राम पंचायत हिच्छा में शान से फहराया तिरंगा, भारत माता के जयकारों से गूंजा गांव, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत हिच्छा में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शासकीय स्कूल परिसर में ग्राम पंचायत के सरपंच आत्माराम ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकगण, विद्यार्थी, बच्चों के माता-पिता, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर गांव में देशभक्ति नारों के साथ रैली निकाली।

रैली में बच्चे “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” सहित देशभक्ति के नारे लगाते हुए गांव की गलियों में घूमे। तिरंगा लेकर निकली बच्चों की टोली को देखकर ग्रामीणों में भी उत्साह नजर आया। गांव की गलियां देशभक्ति के नारों से गूंज उठीं और वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व को बताया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें उनके संघर्ष को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन में स्कूल के शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं बच्चों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन देश की खुशहाली, समृद्धि और अखंडता की कामना के साथ हुआ।




