Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

बिलासपुर मेन रोड पर खतरे की कतार: चंदाई में नियमविरुद्ध खड़े जंगली बांस, हादसे का इंतज़ार क्यों?पढ़े पूरी खबर,,,,,,

सारंगढ़।लाइव TV छत्तीसगढ़
जिला मुख्यालय सारंगढ़ से महज़ 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत चंदाई के बिलासपुर मेन रोड किनारे इन दिनों एक गंभीर और जानलेवा खतरा खड़ा हो गया है। सड़क के किनारे लंबे-लंबे जंगली बांस को पेड़ों के सहारे खड़ा कर दिया गया है, जिन्हें बांस व्यापारियों द्वारा न तो रस्सी से बांधा गया है और न ही सुरक्षित तरीके से रखा गया है।

यह वही मुख्य मार्ग है, जहां से रोज़ाना हजारों लाखो की संख्या में मोटरसाइकिल सवार, पैदल यात्री और अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी ये बांस गिर सकते हैं और किसी राहगीर या वाहन सवार के ऊपर गिरकर बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकते हैं। सवाल यह है कि यदि कोई गंभीर हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?

स्थानीय लोगों का कहना है कि बांस व्यापारियों की लापरवाही तो स्पष्ट है ही, लेकिन प्रशासन की चुप्पी भी कम चिंता की बात नहीं है। रोज़ इस मार्ग से अधिकारी और कर्मचारी गुजरते हैं, फिर भी इस खुले खतरे को देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है। क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?

इस मामले में ग्राम पंचायत चंदाई के सरपंच रमेश खूंटे ने भी साफ शब्दों में इसे नियमों का खुला उल्लंघन बताया है। सरपंच का कहना है कि सड़क किनारे इस तरह बांस खड़ा करना पूरी तरह गलत है और यह कभी भी किसी की जान ले सकता है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर इन बांसों को हटवाए और संबंधित बांस व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

अब बड़ा सवाल यह है कि इस खबर के सामने आने के बाद प्रशासन जागेगा या नहीं?
क्या समय रहते बांस हटाकर किसी संभावित हादसे को रोका जाएगा, या फिर किसी अनहोनी के बाद ही जिम्मेदारी तय होगी?

फिलहाल, बिलासपुर मेन रोड पर खड़े ये जंगली बांस रोज़ मौत को न्योता देते नजर आ रहे हैं, और आमजन जवाब चाहता है—
आखिर कब होगी कार्रवाई?

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़