घोघरा घाटी पहाड़ मंदिर में गूंजे भजन कीर्तन , भक्तिमय हुआ पूरा परिसर

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की पूजा-अर्चना, कहा– जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ | ग्राम पंचायत बैगिनडीह के आश्रित ग्राम घोघरा घाटी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। भरद्वाज मुनि जी एवं भगवान बजरंगबली के पावन सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पूजा-अर्चना की और धर्मलाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंदिर परिसर पहुंचने पर ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात श्री पाण्डेय ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का सबसे बड़ा योगदान है। जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। यही विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम एवं भगवान बजरंगबली से सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्री पाण्डेय ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज को प्रेम, सद्भाव, एकता और सेवा का संदेश देती हैं। ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम बनते हैं। इन आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि घोघरा घाटी स्थित पहाड़ मंदिर क्षेत्रवासियों की गहरी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष होने वाला भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन ग्रामीणों की श्रद्धा, एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से गांव में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और समाज के सभी वर्गों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिलता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने आयोजन समिति, ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामीणजनों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो स्नेह और विश्वास दिया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव समर्पित रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक समसेर सिंह, भाजपा नेता यादवराम पटेल, विभूति सिदार, हेमसागर पटेल, ग्राम पंचायत बैगिनडीह के सरपंच जितेंद्र पटेल, युवा नेता अजय पटेल, पत्रकार विभूति श्रीवास, हेमसागर, राम कुमार थूरिया, राजकुमार पटेल एवं पुरुषोत्तम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, माताएं-बहनें, युवा और श्रद्धालु ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान प्रस्तुत भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भगवान के जयकारों और भजनों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई, जिससे आयोजन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने ग्रामीणजनों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, सम्मान और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।




