Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सावन के तीसरे सोमवार को तालेश्वर भोलेनाथ के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

नाग पंचमी के संयोग से भक्तों में दिखा दोहरा उत्साह, हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर विशालपुर स्थित ताला तालाब में विराजमान तालेश्वर भोलेनाथ मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ लगी रही। सावन का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे शिवालयों में श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है। सोमवार को मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

सुबह से ही महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में तालेश्वर भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ के कारण पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नाग पंचमी के संयोग से भक्तों में दोहरा उत्साह
इस बार सावन के तीसरे सोमवार के साथ नाग पंचमी का पर्व भी होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान शिव और नाग देवता के प्रति आस्था के चलते भक्तों ने सोमवार के व्रत और शिव पूजा के साथ नाग पंचमी का पर्व भी श्रद्धा से मनाया। एक ही दिन दो धार्मिक पर्व होने से मंदिरों में भक्तों की भीड़ और धार्मिक उत्साह और अधिक नजर आया।

देवांगन मोहल्ले से डीजे के साथ पहुंचे शिवभक्त

सारंगढ़ के देवांगन मोहल्ले से बड़ी संख्या में शिवभक्त छोटे पिकअप वाहन में भगवान भोलेनाथ का छायाचित्र रखकर डीजे की धुन के साथ ताला मंदिर पहुंचे। इस दौरान भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। मंदिर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने तालेश्वर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जल चढ़ाया। इसके बाद ताला तालाब से जल भरकर सारंगढ़ के खाड़ा बंद तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

मंदिर परिसर में बंदरों ने भी खींचा भक्तों का ध्यान

सावन सोमवार के दौरान मंदिर परिसर में बंदरों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर में घूम रहे बंदरों को श्रद्धालु केले, खीरा और मूंगफली के दाने खिलाते नजर आए। भक्तों ने इसे भगवान शिव की आराधना के बीच प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम का भाव बताया। बच्चों के साथ पहुंचे श्रद्धालु भी बंदरों को देखकर उत्साहित नजर आए।

सावन सोमवार के अवसर पर ताला मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ भक्तों ने सावन के इस पावन पर्व को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। मंदिर परिसर में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय नजर आया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़