छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में शुरू हुआ निःशुल्क HPV टीकाकरण अभियान, बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण पहल

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु निःशुल्क HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बेटियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।

जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन निर्धारित समय पर किशोरी बालिकाओं को HPV वैक्सीन लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने दी जानकारी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, जिसका मुख्य कारण HPV वायरस संक्रमण होता है। HPV वैक्सीन संक्रमण होने से पहले ही शरीर को सुरक्षा प्रदान करती है और भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देती है।

उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है और लंबे समय तक सुरक्षा देने में सक्षम है।

14 वर्ष की बालिकाएं हैं पात्र

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ऐसी किशोरी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, वे इस निःशुल्क टीकाकरण के लिए पात्र हैं।

टीकाकरण प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा है। रविवार एवं शासकीय अवकाश के दिनों में टीकाकरण नहीं होगा।

कक्ष क्रमांक-32 में लग रहा टीका

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के टीकाकरण कक्ष क्रमांक-32 में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है।

वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रमाणित

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि HPV वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित और प्रभावी है। दुनिया के 160 से अधिक देशों में इसे स्वीकृति प्राप्त है तथा अब तक 50 करोड़ से अधिक डोज सुरक्षित रूप से लगाए जा चुके हैं। इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने पालकों से की अपील

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि 16 मई 2026 को दो बालिकाओं को सफलतापूर्वक HPV वैक्सीन लगाया गया। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों एवं पालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को जिला चिकित्सालय लाकर इस सुरक्षा कवच का लाभ अवश्य दिलाएं।

उन्होंने कहा कि एक छोटी सी जागरूकता बेटियों को भविष्य में गंभीर बीमारी से बचा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़