छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

मिरौनी बैराज में हुड़दंग पर पुलिस सख्त

DJ बजाया तो होगा जब्त, शराब और अश्लीलता पर जीरो टॉलरेंस

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मिरौनी बैराज में बढ़ती अराजक गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए कोसीर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अब बैराज क्षेत्र में DJ बजाने, शराबखोरी, अश्लीलता और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के DJ सिस्टम जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय में बैराज क्षेत्र में कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक यहां अब तक एक हत्या, दो डूबने से मौत और हत्या के प्रयास सहित कई मारपीट एवं बलवा के मामले दर्ज हो चुके हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।

कोसीर पुलिस ने बताया कि पिकनिक के नाम पर बड़ी संख्या में युवक DJ और साउंड सिस्टम लेकर पहुंचते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण के साथ विवाद की स्थिति भी बनती है। इसी कारण बैराज क्षेत्र में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

वहीं शराब पीकर वाहन चलाने, पानी के आसपास जाने और सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकत करने वालों पर भी अब सख्त नजर रखी जाएगी। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी करेगी तथा सादे कपड़ों में भी जवान तैनात रहेंगे।

थाना प्रभारी ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि बैराज में गहरे पानी और खतरनाक बहाव से दूर रहें। छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

थाना प्रभारी ने कहा कि मिरौनी बैराज की सुंदरता और शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। लोग यहां परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में पिकनिक मनाने आएं, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़