सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में उमड़ा श्रद्धा और संस्कृति का संगम, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,

जिपं अध्यक्ष व कलेक्टर ने पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ, प्रोजेक्टर पर सुना प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन सारंगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खडगेश्वर नाथ मंदिर खाडा बंन में जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान गर्भगृह में कलेक्टर पद्मिनी भोई, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे एवं जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने पूजा-अर्चना की। वहीं मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन मिश्रा, एसडीएम वर्षा बंसल तथा डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने खड़केश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-पाठ किया और आयोजन की सफलता की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात केसरवानी भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री के संबोधन को लोगों ने उत्साह और ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, कलेक्टर पद्मिनी भोई, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिपं सीईओ इंद्रजीत बर्मन, भुवन मिश्रा, बरत साहू, जेपी बानी, नंदकिशोर अग्रवाल, कुमार केसरवानी, जीडी बंसल एवं नत्थू केडिया का समाज कल्याण विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई ने भारतीय संस्कृति, संस्कार, आस्था और परंपराओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिकाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का माहौल देखने को मिला।




