Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : सारंगढ़ में गूंजी शहनाइयां, 96 जोड़े बने जीवनसाथी, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने सौंपे सहायता राशि के चेक, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने दी शुभकामनाएं

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन


सारंगढ़ जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण शुक्रवार को खुशियों, मंगल गीतों और शहनाइयों की गूंज से सराबोर नजर आया, जब मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत 96 जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गए। इस वर्ष सारंगढ़ में आयोजित यह दूसरा सामूहिक विवाह समारोह रहा। इससे पहले 10 फरवरी को 200 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था।

भव्य आयोजन में प्रदेश के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नवदंपतियों के परिजन, नागरिक और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, उनके लिए यह योजना सम्मानजनक सहारा साबित हो रही है। राज्य सरकार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी साझा कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रही है।

इस दौरान योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। साथ ही गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री और उपहार भी वितरित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी की जोड़ी सदा खुशहाल रहे तथा आपसी प्रेम और विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में समानता को बढ़ावा देने के साथ विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने का प्रभावी माध्यम बन रही है। अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए।

पूरे आयोजन के दौरान मंडी प्रांगण उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। वर-वधू पक्ष के परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा विवाह समारोह को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। एक साथ 96 जोड़ों के सात फेरे लेने का दृश्य उपस्थित लोगों के लिए भावुक और यादगार पल बन गया।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़