शिक्षक व पुत्र पर जातिगत गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, थाने में शिकायत, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़।
जिले के ग्राम हिच्छा में एक शासकीय शिक्षक और उनके पुत्र पर जातिगत अपमान, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित ने सिटी कोतवाली सारंगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हिच्छा निवासी परदेशी सिदार (60 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 3 मई 2026 की रात करीब 10 बजे बुधराम पटेल (शासकीय शिक्षक) और उनका पुत्र राहुल पटेल घर के बाहर आकर गंदी-गंदी गालियां देने लगे। इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि “बाहर से लोगों को बुलाकर खत्म करवा देंगे” और खुद को प्रभावशाली बताते हुए धमकाया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 2 मई को शौचालय निर्माण को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर रोक (स्टे) लगने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। पटवारी और सरपंच द्वारा रोकने के प्रयास भी बेअसर रहे। इसी विवाद के बाद से लगातार धमकी और विवाद की स्थिति बनी हुई है।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में पहले भी थाना में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन 4 मई को पुनः गाली-गलौज और धमकी दिए जाने के बाद उन्होंने दोबारा आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।




