छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

स्वास्थ्य सेवाओं में नया आयाम: जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल आरोग्य लैब से मात्र 15 दिनों में 6500 से अधिक निःशुल्क जांचें

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के विशेष प्रयासों से अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए बड़ी राहत का माध्यम बन रही है।

जिला चिकित्सालय परिसर में 03 जून 2026 को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया था। शुभारंभ के बाद से ही लैब में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अल्प समय में ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मात्र 15 दिनों के भीतर 1526 मरीजों का पंजीयन किया गया तथा 6500 से अधिक विभिन्न प्रकार की जांचें सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

अटल आरोग्य लैब की स्थापना से अब मरीजों को महंगी और जटिल जांचों के लिए निजी लैबों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय में वर्तमान में 136 प्रकार की जांचें निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जा रही हैं। इनमें सीबीसी, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (आरएफटी), इलेक्ट्रोलाइट जांच, सिकेल सेल, ईएसआर, थायराइड प्रोफाइल, विटामिन-डी, प्रोलेक्टिन, फेरीटिन, विटामिन बी-12, आरएच फैक्टर सहित अनेक महत्वपूर्ण एवं आधुनिक जांचें शामिल हैं।

इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ गरीब, मध्यम वर्गीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मिल रहा है। जिन जांचों के लिए पहले हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे, वे अब जिला चिकित्सालय में निःशुल्क उपलब्ध हैं। इससे मरीजों के आर्थिक बोझ में कमी आई है और समय पर बीमारी की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो पा रहा है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि अस्पताल की पूरी टीम मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में अस्पताल में और भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर उपचार एवं जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध इन आधुनिक सुविधाओं से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें जांच के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है। अटल आरोग्य लैब की यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़