छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

केडार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दरकार: जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय ने स्वास्थ्य सचिव को लिखा पत्र,पढ़े पूरी खबर,,,,,

सारंगढ़
जिले के केडार ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर अब आवाज़ तेज होने लगी है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने इस दिशा में पहल करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर केडार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की स्थापना की मांग की है।

पत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि सारंगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत केडार में वर्तमान में कोई भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित नहीं है। इसके कारण ग्रामीणों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, धन और संसाधनों की दृष्टि से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

श्री पाण्डेय ने यह भी बताया कि सुशासन तिहार 2025 के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों द्वारा केडार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी। क्षेत्र की लगातार बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए यहां पीएचसी की स्थापना को उन्होंने अत्यंत आवश्यक बताया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सचिव से आग्रह किया है कि केडार ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर उचित निर्णय लिया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इस पहल को ग्रामीणों ने सकारात्मक कदम बताते हुए कहा है कि यदि केडार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होती है, तो इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और ग्रामीण अंचल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़