करंट से दो सांभर की मौत के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य फरार,पढ़े पूरी खबर,,,,,,

शराब के बदले मिला था डेढ़ किलो सांभर का मांस, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय से रिमांड के बाद उपजेल भेजा गया
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ वन परिक्षेत्र के सोंडीका जंगल में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सांभर की मौत के मामले में वन विभाग ने एक आरोपी देव लाल यादव (पिता खेदू लाल यादव), निवासी सोंडीका को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड लेकर उपजेल सारंगढ़ दाखिल कराया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे फोन कर शराब लाने के लिए कहा गया था। वह शराब लेकर झोपड़ी के पास पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को दे दी। इसके बदले उसे डेढ़ किलो सांभर का मांस मिला, जिसे वह घर ले जाकर पकाकर खा गया।

आरोपी के कथन के आधार पर घेसरम राम बरिहा, भोगराम सिदार और तेजलाल बरिहा निवासी सोंडीका तथा नंदकिशोर साहू निवासी बोइरमाल के नाम सामने आए हैं। ये चारों फिलहाल फरार हैं और वन विभाग उनकी तलाश में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि सोंडीका जंगल से लगे निजी खेत में शिकार के लिए करीब 500 से 600 मीटर लंबा करंट प्रवाहित तार बिछाया गया था। इसकी चपेट में आने से दो सांभर की मौत हुई थी। एक का शव मौके पर मिला, जबकि दूसरे के अवशेष धान के पैरे में छिपाए गए थे।
वन विभाग ने प्रकरण क्रमांक 20857/07, दिनांक 09/10/2026 के तहत भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39(1)(ख) एवं 50 के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।




