25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प, पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वल भविष्य : डीईओ एल एन पटेल
विशालपुर सारंगढ़नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प दिवस के रूप में विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा विकास, संस्कार और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सहभागी बनाना है।
नवागत जिला शिक्षा अधिकारी एलएन पटेल ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि भारत का भविष्य देश के 25 करोड़ बच्चों की आंखों में पल रहे सपनों में बसता है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, अच्छे संस्कार तथा आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना जरूरी है। यही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को साकार करना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संसाधनों के अभाव में किसी बच्चे का सपना अधूरा न रहे, हर प्रतिभा को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले और हर बचपन मुस्कुराता रहे, इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।
डीईओ पटेल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनकी प्रतिभा को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि “बच्चों का सपना भारत का भविष्य, बच्चों की मुस्कान भारत की पहचान” की भावना को लेकर हम सभी को आगे बढ़ना होगा। शिक्षा के क्षेत्र में एक कदम, संस्कार के लिए एक कदम और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक कदम बढ़ाकर सामूहिक प्रयास किए जाएं तो आने वाली पीढ़ी के सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने आपसी सहयोग और समन्वय के माध्यम से अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि सेवा संकल्प तभी सार्थक होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आए। उन्होंने कहा कि जिले में बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




