झरियापारा में श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर का शुभारंभ, विधि-विधान से हुई प्राण-प्रतिष्ठा, पढ़े पूरी खबर,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़ | गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट भवन सारंगढ़ के बाजू स्थित झरियापारा में नवनिर्मित श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर सेवा समिति के द्वारा मंदिर का नवनिर्माण कराया गया है। मंदिर शुभारंभ एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

समारोह के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कलश यात्रा में विधायक उत्तरी जांगड़े, नगरपालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए, जिससे पूरा झरियापारा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
प्राण-प्रतिष्ठा के धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य जजमान के रूप में सीताराम-प्रेमलता देवांगन, मोहन-नेहा बंजारे एवं श्रीमती सरिता गोपाल शामिल हुए। महाराज धर्मेश दुबे, रूपेश तिवारी एवं राघवेंद्र पांडेय ने मंत्रोच्चार और वैदिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न कराया। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद भगवान श्री सिद्धि विनायक के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
मंदिर सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर निर्माण एवं धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंदिर निर्माण में वीरेंद्र निराला, अजय गोपाल, जितेंद्र गुप्ता, मोहन बंजारे, संजीव शर्मा, गोरा दास बैरागी, अविनाश पुरी गोस्वामी, नोहर सिदार, रमेश तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने नवनिर्मित मंदिर को क्षेत्र के लिए धार्मिक आस्था का नया केंद्र बताते हुए समिति के सदस्यों को मंदिर निर्माण एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए शुभकामनाएं दीं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री सिद्धि विनायक से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




