स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने किया निरीक्षण, पढ़े पूरी खबर,,,,,

मंधाईभाठा स्कूल में निकली तिरंगा सद्भावना यात्रा, विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश
विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंधाईभाठा, विकासखंड बिलाईगढ़ में शुक्रवार को तिरंगा सद्भावना यात्रा (तिरंगा रैली) का आयोजन किया गया। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने तिरंगा सद्भावना यात्रा के अनुशासित एवं व्यवस्थित संचालन की सराहना की।
जिला शिक्षा अधिकारी डहरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर भी है। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना विकसित करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की प्रशंसा करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय ढंग से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विद्यालय के प्राचार्य उत्तरा कुमार सिदार के नेतृत्व में समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने आयोजन की तैयारियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय परिवार द्वारा समारोह के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निर्धारित कार्यक्रमों को अनुशासन एवं गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।




