छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

रासायनिक खाद का कम और जैविक खाद का ज्यादा उपयोग करें, तभी बचेगी खेती और सेहत : टंकराम वर्मा, पढ़े पूरी खबर,,,,,

विशालपुर सारंगढ़ नईदुनिया दिलीप टंडन

सारंगढ़। खेती को बचाने और लोगों को स्वस्थ रखने के लिए किसानों को रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के उपयोग में कमी लाकर जैविक खेती की ओर बढ़ना होगा। यह बात राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने शनिवार को कृषि उपज मंडी सारंगढ़ में आयोजित खेती बचाओ अभियान एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला में कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया तथा गौ ग्राम जनजागरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा किसानों को जैविक खाद वितरित की।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि किसानों की तरक्की से ही प्रदेश और देश की तरक्की संभव है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले खेती में गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट और प्राकृतिक संसाधनों से तैयार खाद का उपयोग होता था, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती थी। लेकिन उत्पादन बढ़ाने की होड़ में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग शुरू हो गया, जिसका असर अब मिट्टी और मानव स्वास्थ्य दोनों पर दिखाई देने लगा है।

उन्होंने कहा कि आज लोग जो अनाज, फल और सब्जियां खा रहे हैं, उनमें रासायनिक तत्वों की मात्रा बढ़ती जा रही है। इसके कारण गंभीर बीमारियों के मामले भी बढ़ रहे हैं। इसलिए समय की मांग है कि किसान प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाएं तथा रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करें। उन्होंने किसानों से गोपालन को बढ़ावा देने और गोबर व गोमूत्र आधारित जैविक खाद एवं कीटनाशकों का उपयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय और कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने भी किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से उत्पादन लागत कम होने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, जनपद पंचायत बरमकेला की अध्यक्ष विद्या चौहान, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, एसडीएम वर्षा बंसल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़