Letest Newsछत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

भेड़वन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने रचा इतिहास, NQAS में जिले में प्रथम स्थान, पढ़े पूरी खबर,,,,

95.08% अंक हासिल कर राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा, कलेक्टर के निर्देश और टीम की मेहनत लाई रंग

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन


सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़वन ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 95.08 प्रतिशत अंक के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, बेहतर प्रबंधन और टीम वर्क का परिणाम मानी जा रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्रों में दी जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं के मूल्यांकन के लिए 16 और 17 मार्च को NQAS के तहत निरीक्षण किया गया। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा नियुक्त मूल्यांकनकर्ता डॉ. अजय सिंह एवं डॉ. अंजु गोपे प्रधान ने केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान रजिस्टर और रिकॉर्ड की जांच के साथ ही मरीजों एवं स्टाफ से बातचीत कर सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया गया। हर्बल गार्डन, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, फायर सेफ्टी, स्टोर रूम, जननी सुरक्षा योजना, मरीजों की परिवहन व्यवस्था, पोषण आहार, स्वच्छ पेयजल और वार्डों की साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौज के निर्देशन में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ.आर. निराला द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को NQAS के अनुरूप प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एल. सिदार के मार्गदर्शन तथा डीपीएम नंदलाल इजारदार, डीएएम मनोज साहू और NQAS सलाहकार कृष्ण पुरी गोस्वामी की निगरानी में जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम भेडवन केंद्र की इस सफलता के रूप में सामने आया।

इस उपलब्धि में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चंद्र कुमार पटेल, डॉ. के.एस. पटेल, डॉ. गौरव साहू सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ, आरएचओ, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, मितानिनों एवं विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़े टीमों का विशेष योगदान रहा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी इसी स्तर पर विकसित करने का प्रयास जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button
ब्रेकिंग न्यूज़