भव्य रूप से मनाई जाएगी बाबा साहब की 135वीं जयंती, शोभायात्रा से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक होंगे विशेष आयोजन पढ़े पूरी खबर,,,,,,,,

गुरु घासीदास वाटिका से निकलेगी विशाल शोभायात्रा, जनपद प्रांगण में होगा मुख्य आयोजन
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
भारतीय संविधान के निर्माता, सामाजिक न्याय के महानायक और बोधिसत्व डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सारंगढ़ में भव्य आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा स्थापना समिति सारंगढ़ के तत्वावधान में 14 अप्रैल को विविध कार्यक्रमों के साथ जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य भदंत भिक्खु धम्म तप जी (तपोभूमि राजनांदगांव) शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लैलून कुमार भारद्वाज करेंगे, जो समिति के संस्थापक एवं क्रांतिकारी शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
विशिष्ट अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख शामिल होंगे, जिनमें विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ठाकुर सहित पूर्व विधायकगण, विभिन्न दलों के जिलाध्यक्ष और समाज के अग्रणी प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
सुबह 10 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा
जयंती समारोह की शुरुआत प्रातः 10 बजे गुरु घासीदास पुष्प वाटिका से भव्य शोभायात्रा के साथ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जनपद पंचायत प्रांगण पहुंचेगी।
दोपहर 12 बजे से मंचीय कार्यक्रम
शोभायात्रा के पश्चात दोपहर 12 बजे से मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अतिथियों के उद्बोधन, बाबा साहब के विचारों का स्मरण और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कौशल्या बघेल लोकरंग सारंगढ़ द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही क्षेत्र के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। आगंतुकों के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की भी व्यवस्था रखी गई है।
सामाजिक संदेश के साथ आयोजन
“शिक्षित रहो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम समाज में जागरूकता, एकता और संविधान के मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रयास करेगा।
समिति ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।




