छात्राओं की सुरक्षा पर संकट: टिमरलगा मार्ग की शराब दुकान हटाने उठी ग्रामीणों की आवाज, पढ़े पूरी खबर,,,,,, z

जनदर्शन में कलेक्टर से लगाई गुहार, पंचायत प्रस्ताव के साथ सौंपा ज्ञापन
विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़,कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन के दौरान ग्राम टिमरलगा, हिच्छा और औराचक्का के सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष एक गंभीर समस्या उठाई। ग्रामीणों ने टिमरलगा (हिच्छा–औराचक्का मार्ग) पर संचालित शासकीय मदिरा दुकान को तत्काल बंद या अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग से बड़ी संख्या में छात्राएं स्कूल और कॉलेज के लिए आवागमन करती हैं। शराब दुकान के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्राओं को आए दिन छींटाकशी, पीछा करने और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण कई छात्राएं स्कूल जाने से भी कतराने लगी हैं, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
महिलाओं ने भी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि इसी मार्ग से वे खेतों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम के लिए जाती हैं, लेकिन शराबियों की हरकतों के चलते उनका बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन अभद्र टिप्पणियों और दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों खतरे में हैं।
किसानों ने भी समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि शराबी लोग खेतों में शराब की बोतलें तोड़कर फेंक देते हैं, जिससे खेती-किसानी के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर ग्राम टिमरलगा और हिच्छा पंचायत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसकी प्रति ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि छात्राओं, महिलाओं और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उक्त मदिरा दुकान को शीघ्र बंद या स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित हो सके।




