रक्तदान कर डायलिसिस कराई, सेवा भारती के सतीश यादव ने बचाई मरीज की जान,पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़, खून की कमी और समय पर डायलिसिस नहीं होने से जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे एक मरीज की जान समाजसेवी सतीश यादव ने रक्तदान की व्यवस्था कर बचा ली। सेवा भारती के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार मोतीलाल रात्रे, निवासी टेगनापाली (सारंगढ़), डायलिसिस कराने के लिए सारंगढ़ के सहकारी अस्पताल में भर्ती थे। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उनके शरीर में रक्त की कमी बताई। अस्पताल में ब्लड बैंक नहीं होने के कारण रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी, जिससे मरीज और उसके परिजन काफी परेशान थे।
स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने सेवा भारती के अध्यक्ष और समाजसेवी सतीश यादव से संपर्क किया। मरीज ने उन्हें बताया कि वह सुबह से अस्पताल में है, चलने-फिरने में असमर्थ है, सांस फूल रही है और जल्द डायलिसिस नहीं होने पर स्थिति और बिगड़ सकती है। मरीज को O पॉजिटिव ब्लड ग्रुप की तत्काल आवश्यकता थी।
सूचना मिलते ही सतीश यादव तुरंत अस्पताल पहुंचे और बालाजी ब्लड बैंक से रक्त की व्यवस्था कर मरीज को उपलब्ध कराया। इसके बाद डायलिसिस की प्रक्रिया शुरू कराई गई, जिससे मरीज को राहत मिली। साथ ही ऑक्सीजन की भी व्यवस्था कराई गई।
मोतीलाल रात्रे ने बताया कि इससे पहले भी सतीश यादव ने कई बार उनके डायलिसिस और ऑक्सीजन की व्यवस्था कराने में मदद की है।

इस दौरान सेवा भारती अध्यक्ष सतीश यादव ने प्रशासन से मांग की कि मरीजों की सुविधा के लिए जल्द से जल्द सारंगढ़ अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




