जनपद पंचायत में हाहाकार: कोसीर क्लस्टर की पीआरपी को हटाने की मांग पर जनपद अध्यक्ष, विधायक सहित सदस्य धरने पर, गूंजा नारा– ‘पीआरपी हटाओ, महिला बचाओ, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

’विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
सारंगढ़। सारंगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय के सामने शुक्रवार को उस समय हाहाकार मच गया जब कोसीर क्लस्टर की पीआरपी को हटाने की मांग को लेकर जनपद पंचायत सदस्य धरने पर बैठ गए। आंदोलन को उस समय और बल मिला जब क्षेत्रीय विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े भी धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुईं।

धरना स्थल पर सुबह से ही जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार सहित कई जनपद सदस्य और बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन में शामिल रहीं। सभी ने एक स्वर में नारा लगाया— “पीआरपी हटाओ, महिला बचाओ।”

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोसीर क्लस्टर में पदस्थ पीआरपी की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से असंतोष व्याप्त है। विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता की कमी तथा शिकायतों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए जनप्रतिनिधियों ने इसे जनहित का मुद्दा बताया। उनका कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी और व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में महिला जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। बैनरों पर लिखे संदेशों के साथ महिलाओं ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वे पीछे नहीं हटेंगी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह आंदोलन किया जा रहा है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
धरना प्रदर्शन के अंत में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के जनपद सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता दिखाई और हीराभैरव जटवार के समर्थन में खड़े नजर आए।




