साल्हेओना में सरस्वती सायकल योजना के तहत 46 छात्राओं को साइकिल वितरण, पढ़े पूरी खबर,,,,,,

विशालपुर नईदुनिया दिलीप टंडन
बरमकेला। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के तहत विकासखंड बरमकेला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साल्हेओना में 46 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, जिला पंचायत सदस्य सहोदरा सिदार एवं डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बालिका शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्य अतिथि संजय भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे कई बालिकाएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती थीं। इसी समस्या के समाधान के रूप में कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की जा रही है, ताकि वे सुरक्षित और समय पर विद्यालय पहुंच सकें।
संतुलन और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि साइकिल चलाने के लिए जैसे संतुलन और आत्मविश्वास आवश्यक है, वैसे ही शिक्षा में सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण और दृढ़ निश्चय जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक ने भी छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राधामोहन पाणीग्राही, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डहरिया, चुनामडी पटेल, ईश्वर साहू सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन अवधराम बेहरा ने किया।
यह आयोजन बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




