सारंगढ़ जिला अस्पताल की बड़ी उपलब्धि: 45 दिनों में 100 से अधिक नि:शुल्क महिला नसबंदी ऑपरेशन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए मात्र 45 दिनों में 108 नि:शुल्क CTT (महिला नसबंदी) ऑपरेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में सर्जन डॉ. राकेश साहू एवं उनकी टीम ने यह उपलब्धि हासिल की।

यह विशेष सेवा 23 दिसंबर 2025 से शुरू हुई थी और कम समय में ही आमजन का भरोसा जीतने में सफल रही। आंकड़ों के अनुसार 23 से 31 दिसंबर के बीच 17 ऑपरेशन किए गए, जनवरी में सर्वाधिक 71 ऑपरेशन हुए, जबकि फरवरी माह में अब तक 20 ऑपरेशन पूर्ण किए जा चुके हैं। इस तरह कुल 108 सफल सर्जरी के साथ अस्पताल ने परिवार नियोजन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि बढ़ती संख्या स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। अस्पताल में आधुनिक तकनीक और सुरक्षित प्रक्रिया के साथ ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों की रिकवरी तेजी से हो रही है। उन्होंने जनवरी में हुए रिकॉर्ड ऑपरेशनों को टीम की निष्ठा और समर्पण का परिणाम बताया।
सर्जन डॉ. राकेश साहू ने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षित, संक्रमण मुक्त और गुणवत्तापूर्ण शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि CTT प्रक्रिया में आधुनिक मानकों का पालन किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से अब स्थानीय नागरिकों को नसबंदी ऑपरेशन के लिए निजी अस्पतालों या बाहरी शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय में नि:शुल्क और सुरक्षित सर्जरी की सुविधा मिलने से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।
सिविल सर्जन डॉ. जायसवाल ने इस सफलता के लिए सर्जन डॉ. राकेश साहू और नर्सिंग स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि संसाधनों की उपलब्धता बढ़ने से अस्पताल की सेवाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।




